काशीपुर। देर रात तेज अंधड़ से मौसम खुशनुमा हुआ तो बृहस्पतिवार सुबह आई बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। स्कूल जाने वाले बच्चों को सुबह के समय परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बारिश के कारण कई स्थानों पर हल्का जलभराव और फिसलन की स्थिति भी बनी।
बुधवार की देर रात तेज अंधड़ के बाद बृहस्पतिवार सुबह भी मौसम खराब रहा। सुबह से लेकर शाम तक काशीपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश होती रही। दिन भर हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित नजर आया। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम के इस बदले मिजाज ने अप्रैल-मई के महीने में सर्दियों की याद दिला दी है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया।
-
बारिश से रेलवे लाइन के अंडरपास में भरा पानी
काशीपुर। शिवशक्ति विहार के पास रेलवे लाइन पर अंडरपास में बारिश होने से पानी भर गया। इससे राहगीरों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। अंडरपास में जलभराव का सीधा असर स्कूली बच्चों को हुआ। स्कूली बच्चों की वैन और बस अंडरपास में पानी भरने की वजह से फंस गई थी। हालांकि किसी तरह बच्चे स्कूल पहुंचे। स्थानीय लोग लंबे समय से अंडरपास से पानी की निकासी किए जाने की मांग करते आ रहे हैं। संवाद