डॉ. हरेंद्र मलिक।
- फोटो : RUDRAPUR
कोरोना महामारी के चलते स्कूल बंद होने के कारण अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर 18 वर्ष उम्र के बच्चों की स्वास्थ्य जांच करेंगी। ऊधमसिंह नगर में बच्चों की स्वास्थ्य जांच के लिए 18 मोबाइल हेल्थ टीमें गठित की गई हैं।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सरकारी स्कूलों के कक्षा एक से 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं व आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए 10 लाख रुपये तक निशुल्क इलाज की सुविधा है। इसके लिए मोबाइल हेल्थ टीमें स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच करती हैं। बच्चों में गंभीर बीमारी या विकृतियां मिलने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाता है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर शुरू होने के कारण अभी तक स्कूल बंद हैं। बच्चों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि कोरोना महामारी के कारण स्कूल बंद होने के कारण मोबाइल हेल्थ टीमें घर-घर जाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच करेंगी।
इस टीम में एक पुरुष चिकित्साधिकारी, एक महिला चिकित्साधिकारी, एक नर्स व एक फार्मासिस्ट शामिल हैं। वर्तमान में जिले में कुल 18 मोबाइल हेल्थ टीमें हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों में साल में दो बार व सरकारी स्कूलों में साल में एक बार बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जाती है।
जिले में गठित मोबाइल हेल्थ टीमें
ब्लॉक - हेल्थ टीमें
रुद्रपुर - 04
बाजपुर- 03
सितारगंज-03
काशीपुर- 02
खटीमा-02
गदरपुर-02
जसपुर-02