झनकट। झनकट में पीएचसी नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक उपचार तक नहीं मिल पा रहा है। व्यापारियों ने पुराने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में प्राथमिक स्वास्थ्य खोलने को लेकर प्रशासन को ज्ञापन दिया है।
झनकट का अधिकतर क्षेत्र ग्रामीण है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र न होने के कारण जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। लोगों को खांसी, जुकाम, बुखार आदि की जांच के लिए भी देवरी पीएचसी या खटीमा उप जिला अस्पताल जाना पड़ता है।
झनकट व्यापार मंडल अध्यक्ष पप्पू वर्मा ने बताया कि झनकट में लंबे समय से पीएचसी खोलने की मांग की जा रही है। इसको लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने झनकट में खाली पड़े राजकीय इंटर काॅलेज में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की है।