रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में टीकाकरण के लिए तैयार वैक्सीनेशन सेंटर।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। कोरोना महामारी से बचाव के लिए जिले में 12 से 14 वर्ष उम्र तक के बच्चों का टीकाकरण अभियान शुरू होने जा रहा है। जिले में टीकाकरण के लिए 70 हजार बच्चे चिह्नित किए गए हैं। बच्चों के टीकाकरण के लिए कोर्बेवैक्स वैक्सीन की 73 हजार डोज मिल चुकी हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों के टीकाकरण अभियान को लेकर अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को सीएमओ डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी ने 12 से 14 वर्ष उम्र के बच्चों के टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. चुफाल ने बताया कि सुबह नौ बजे से टीकाकरण अभियान शुरू होगा, जो कि शाम चार बजे तक जारी रहेगा। वर्तमान में स्कूलों में गृह परीक्षाएं चल रही हैं।
इस कारण सभी बच्चों के टीकाकरण केंद्रों पर समय से न पहुंच पाने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूलों में पहुंचेंगी, जहां बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी। जिले में टीकाकरण के लिए 70 हजार बच्चों के लिए 73 हजार डोज उपलब्ध हो चुकी हैं। टीकाकरण से पहले बच्चों का टीकाकरण केंद्रों पर कोविन पोर्टल पर पंजीकरण करवाया जाएगा लेकिन पहले दिन ऑफलाइन तरीके से टीकाकरण कराए जाने की तैयारी है।
टीकाकरण की सफलता के लिए जिले के सभी ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं। सीएमओ ने बताया कि जब तक चिन्हित सभी बच्चों का टीकाकरण पूर्ण नहीं हो जाता, यह अभियान जारी रहेगा।