किच्छा के एक्सरे रुम में लगा ताला
किच्छा। सरदार बल्लभ भाई पटेल सीएचसी में एक्सरे तकनीशीयन न होने से स्थानीय मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक साल पहले स्थानांतरित हुए एक्सरे तकनीशियन के बाद से यहां अब तक कोई तैनाती नहीं हुई है। तब से एक्सरे रूम में ताले लटके हुए हैं। मशीनें मरीजों के काम आने की बजाय धूल फांक रही हैं।
साल 2024 के सितंबर में यहां तैनात एक्सरे टैक्नीशियन का तबादला नैनीताल हो गया था। तब से यहां की व्यवस्था बदहाल है। ऐसे में एक्सरे के लिए मरीजाें को निजी अस्पतालों या जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ती है। इसमें धन और समय दोनों खर्च होता है। क्षेत्र के लोग कई बार अधिकारियों से मांग कर चुके हैं। इसके बाद भी आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। किसी दुर्घटना में घायल मरीज को सिर्फ एक्सरे तकनीशियन के न होने के कारण दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया जाता है। ऐसे में पीड़ित और उसके परिवार वालों को अत्यधिक दिक्कत होती है।
पिछले सितंबर में यहां तैनात एक्सरे तकनीशियन का तबादला हो गया था। बाद में उसी तकनीशियन को नैनीताल के सुयालबाड़ी से किच्छा सप्ताह में चार बार डयूटी के लिए लगाया था। आचार संहिता खत्म होने के बाद नई पोस्टिंग होनी है। ट्रांसफर लिस्ट में उम्मीद है कि नगर की सीएचसी में पोस्टिंग होगी। फिलहाल पद रिक्त है।
— डॉ. कुलदीप यादव, सीएमएस, किच्छा।