दिनेशपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जच्चा बच्चा और गर्भवती महिलाओं को घर से लाने और ले जाने वाली 102 खुशियों की सवारी एंबुलेंस सेवा फिर से बहाल हो गई है। सुविधा फिर से उपलब्ध होने पर लोगों ने खुशी जताई है।
जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं की विभिन्न प्रकार की जांच, डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा को घर पहुंचाने और नवजात शिशुओं को टीकाकरण आदि को उन्हें घर से लाने और ले जाने के लिए यहां पहले 104 और 102 खुशियों की सवारी के नाम से एंबुलेंस की सुविधा थी। दो साल पहले इस सेवा को बंद कर दिया गया था।
अमर उजाला ने बीते 18 जनवरी को प्रसूताओं को घर तक छोड़ने वाली 104 एंबुलेंस सेवा बंद शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। स्वास्थ्य महकमें ने समस्या का संज्ञात लेते हुए सेवा को फिर से बहाल कर दिया है।
सीएमओ मनोज कुमार शर्मा के निर्देश पर बृहस्पतिवार को 102 एंबुलेंस अस्पताल में पहुंच गई। एंबुलेंस की सेवा देने वाली कंपनी कम्युनिटी एक्शन मोटिवेशन (सीएएमपी) प्रोग्राम के जिला प्रभारी नवनीत राणा ने बताया कि डेढ़ माह पहले अस्पताल को आपातकालीन 108 एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध की जा चुकी है।