उजाला हॉस्पिटल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार।
- फोटो : KASHIPUR
कोरोना महामारी के दौरान जहां हर किसी को संक्रमण का खतरा है वहीं हृदय रोग के मरीजों के लिए इस समय खतरा और अधिक बढ़ गया है। रक्तचाप और मधुमेह के रोगियों के लिए भी इस समय संकट का दौर है लेकिन जरा सी सावधानी से रोगी अपना बचाव कर सकते हैं। काशीपुर स्थित उजाला अस्पताल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार की सलाह के अनुसार रक्तचाप और शुगर पर नियंत्रण से काफी हद तक कोरोना की जटीलता, कांप्लीकेशन, से बचा जा सकता है। हार्ट के मरीज भी समय पर दवा लेकर हार्ट अटैक और कोरोना संक्रमण के दौरान होने वाले कांप्लीकेशन से खुद को बचा सकते हैं।
विश्व हृदय दिवस के अवसर पर डॉ. विजय कुमार का कहना है कि आम तौर पर हृदय रोग के मरीजों को हमेशा सावधानी बरतने की जरूरत है लेकिन इस समय कोरोना संक्रमण का दौर होने के कारण उन्हें और अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। कोरोना सबसे अधिक उन लोगों को प्रभावित कर सकता है जिन्हें रक्तचाप, मधुमेह या हृदय रोग की शिकायत है या फिर जो शारीरिक रुप से कमजोर हैं। कोरोना से बचाव के लिए मास्क और सोशल डिस्टेंस को अपनाएं साथ ही रक्तचाप और मधुमेह को भी नियंत्रित रखें।
हृदय रोग के मरीजों के लिए बेहद जरूरी है कि वह अपनी दवा का नियमित रूप से सेवन करें। हार्ट की दवा में भी कोरोना से लड़ने की क्षमता है। धूम्रपान को बंद करें और व्यायाम को रुटीन में रखें। अधिक मसालेदार भोजन रोग प्रतिरोधक क्षमता कम करता है, इससे भी बचना चाहिए। आम तौर पर लोगों को हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट की परेशानी होती है। हार्ट अटैक में जहां पहले संकेत मिल जाते हैं, वहीं कार्डियक अरेस्ट में शरीर पहले किसी तरह का संकेत नहीं देता है। इसके लिए जरूरी है कि दिल की सेहत का ध्यान रखा जाए।
बुजुर्गों के साथ युवाओं और बच्चों में हृदय रोग का मुख्य कारण जीवनशैली और खानपान में बदलाव है और मानसिक तनाव भी इसका एक प्रमुख कारण है। सावधानी बरतने के साथ ही समय- समय पर डाक्टरों की सलाह भी हृदय रोग के मरीजों को लेनी चाहिए।
उजाला अस्पताल में मरीजों को मिलेगी कैथ लैब
काशीपुर। हृदय रोग के मरीजों को अब काशीपुर का उजाला अस्पताल अत्याधुनिक मशीनों से उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसके लिए अस्पताल में नई कैथ लैब को स्थापित किया जा रहा है। मंगलवार को विश्व हृदय दिवस के अवसर पर उजाला अस्पताल में कैथ लैब का शुभारंभ किया जाएगा। अस्पताल अधिक्षक डॉ. प्रसून कुमार ने बताया कि अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए भी उपचार की सुविधा उपलब्ध है। हृदय रोग के मरीज भी इसका लाभ ले सकते हैं।