रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के रंपुरा में एक युवक को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घायल का आरोप है कि उसने एक युवक से पांच हजार रुपये ब्याज पर लिए थे और 13 हजार रुपये चुका दिए थे। इसकेे बाद रुपये मांगने पर उसने इंकार किया तो उसे लाठी-डंडो से पीटा गया। उसे कल्याणी नदी में दफनाने की साजिश की गई।
रंपुरा के वार्ड 24 में रहने वाले विशाल ने बताया कि कुछ समय पहले उसने रंपुरा वार्ड 22 में रहने वाले एक युवक से पांच हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। वह 13 हजार रुपये लौटा चुका है। इसके बावजूद उससे रुपये मांगे जा रहे हैं। 29 अक्तूबर की रात वह घर को आ रहा था। आरोप है कि युवक और उसके साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गालीगलौज करते हुए लाठी- डंडों और धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोपी उसे मरा समझकर कल्याणी नदी किनारे दफनाने ले जा रहे थे। इसी बीच उसके घरवाले आ गए। इस पर हमलावर पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। विशाल की मां कांति ने पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।