Iकाशीपुर में कुमाऊंनी बैठकी होली में राग से जमाया रंगI
विज्ञापन
काशीपुर। होली का मौसम आते ही काशीपुर में कुमाऊंनी बैठकी होली की धूम नजर आने लगी है। रविवार की रात वैशाली कॉलोनी में बसंत बल्लभ बिष्ट के आवास पर आयोजित बैठकी होली में काशीपुर, रुद्रपुर, हल्द्वानी, रामनगर, खटीमा व चंपावत से आए होल्यारों ने रागों पर आधारित प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मनोज पंत ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। जबकि मोहित उपाध्याय ने राग पीलू में प्रस्तुति दी। हेम पांडे राग काफी में नथुली में उलझेंगे बाल, सिपहिया जुल्फें बढ़ाता काहे....की शानदार प्रस्तुति दी।
केसी त्रिपाठी ने राग जंगला काफी, ललित जोशी ने राग साहना, योगेश जोशी ने राग पहाड़ी और बसंत बिष्ट ने श्याम कल्याण आदि ने प्रस्तुति दी। महिलाओं और होल्यारों ने मिलकर रसिया सुनाए। इस दौरान तबले पर ललित जोशी, चित्रेश त्रिपाठी व बसंत बिष्ट ने संगत दी। रूद्रपुर से आए दिवाकर पांडे, लखनऊ से आए अभिषेक वर्धन ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को होलीमय बना दिया। यहां पर शोभित, आनंद, प्रीतम, भगवंत बिष्ट, बीडी कंडवाल, कविंद्र डसीला, श्वेता, छाया, सीमा, रेनू, दीपांजलि, हर्षिता आदि मौजूद रहे।