रुद्रपुर। सीएमओ डाॅ. केके अग्रवाल ने खटीमा उप जिला अस्पताल (एसडीएच) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने अस्पताल भवन में लगी लिफ्ट का संचालन करने के निर्देश अस्पताल के सीएमएस को दिए। सीएमओ ने कहा कि अस्पताल में लिफ्ट लगी है तो इसका संचालन भी होना चाहिए। बुजुर्ग और असहाय मरीजों को लिफ्ट का लाभ हरहाल में मिलना चाहिए। उन्होंने बंद लिफ्ट को अपने सामने चलवाया और खुद भी लिफ्ट से ऊपरी मंजिल पर गए। सीएमओ ने अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ और नेत्र सर्जन की कमी को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सप्ताह में एक-एक दिन ये अस्पताल में सेवा देंगे। यह व्यवस्था जल्द लागू की जाएगी।
सीएमओ ने गंभीर रोगियों को आईसीयू में भर्ती करने के निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिए। कहा कि गंभीर रोगियों के इलाज में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। सीएमओ ने वार्ड, आईसीयू के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था दुरुस्त मिली। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के सीएमएस डॉ. कैलाश चंद्र पंत, डॉ. निशिकांत, मुख्य फार्मेसी अधिकारी हरीश चंद्र सती आदि मौजूद थे।