नानकमत्ता। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह ने कहा कि गुरु गुरुनानक देव ने पूरे विश्व में धार्मिक अलख जगाई। धर्म और जाति की रक्षा के लिए गुरु अर्जुन देव, गुरु तेग बहादुर और गुरु गोविंद सिंह ने अपना बलिदान दिया।
बीच में हमारे कुछ सिख समाज के लोग भटक गए थे और देश से खंडित होकर खालिस्तान के लिए मुखर होने लगे थे। उन्हें सही राह पर लाने में भी गुरुनानक देव जी के उपदेश ही काम आए। सीएम ने गुरुद्वारे के श्री हरमिंदर साहिब दरबार में मत्था टेक अरदास की और 2.73 करोड़ की पार्किंग और थारु विकास भवन का शिलान्यास किया।
शुक्रवार को पंथ रत्न बाबा हरबंश सिंह, बाबा फौजा सिंह और बाबा टहल सिंह की बरसी पर धार्मिक डेरा कारसेवा में 28 अगस्त को रखे गए 41 लड़ियों के श्री अखंड पाठ साहिब का भोग पड़ा। मुख्यमंत्री रावत ने भोग में शिरकत की। 10 मिनट के भाषण में सीएम ने कहा कि गुरुनानक देव ने हमेशा गरीब और असहायों की सेवा की।
गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश पर्व को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। पाकिस्तान के ननकाना साहिब से नगर कीर्तन निकला, जिसका पूरे देश में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। कहा कि खालिस्तान के समर्थन आज पूरे देश से समाप्त हो गया। सीएम ने सभी से एकजुट होकर देश के विकास में योगदान की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सांसद बनने के बाद जनता से पहली बार गुरु दरबार में दर्शन हो रहे हैं। मेरा सौभाग्य है कि मेरे संसदीय क्षेत्र में गुरुनानक देव का पवित्र स्थल है। ननकाना साहिब से भारत के विभिन्न राज्यों की परिक्रमा करने निकले विशाल कीर्तन की मॉनीटरिंग पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से कराई।
वहां परिवहन मंत्री यशपाल आर्य, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत, काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा, किच्छा के राजेश शुक्ला, नानकमत्ता के डा. प्रेम सिंह राणा, खटीमा के पुष्कर सिंह धामी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री हरेंद्र सिंह लाडी, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष इकबाल सिंह लाडी, वन विकास निगम अध्यक्ष सुरेश परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, सुरेश गंगवार, गुरुद्वारा प्रधान सेवा सिंह, गुरजीत सिंह, राजपाल सिंह, कमल जिंदल, राजवीर सिंह, वरुण अग्रवाल आदि थे।
नानकमत्ता में डेरा कारसेवा की पार्किंग की नींव रखते सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत।- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता धार्मिक डेरा कारसेवा में सीएम को सुनने उमड़ी सिख संगत।- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता धार्मिक डेरा कारसेवा में संगत को संबोधित करते सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत।- फोटो : SITARGANJ