मोबिल, स्पेयर पार्ट्स दुकान में अचानक भीषण आग लगने से लाखों का माल जलकर स्वाह हो गया। आग बुझाने में दुकान स्वामी का हाथ भी झुलस गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आकर आसपास की दुकानों के आगे रखा सामान और एक पेड़ भी आ गया। दुकान स्वामी ने करीब 25 लाख रुपए की क्षति होना बताया है।
मंगलवार को तड़के तीन बजे गश्त कर रही पुलिस टीम नेरामपुर रोड स्थित विज लूब्रिकेंटस की दुकान में धुंआ और आग की लपटें निकलती देखी। पुलिस कर्मियों ने दुकान के बोर्ड पर अंकित मोबाइल नंबर पर फोन करके आग की सूचना दुकान स्वामी रमन विज को दी। साथ ही फायर ब्रिगेड की भी सूचना दी। आनन-फानन में पहुंचे दुकान स्वामी रमन विज ने आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान उनका हाथ झुलस गया। खबर मिलते ही आसपास के लोग भी आ पहुंचे। उन्हाेंने भी आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर बमुश्किल काबू पाया। कोतवाल ओपी शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मोबिल में आग लगने की खबर से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। मोबिल आयल पेट्रोल की तरह आग पकड़ रहा था। आग इतनी भीषण थी कि दुकान की दीवारों की ईंटें भी फट गई।