एनएच की जद में आने वाले किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। उन्होंने केंद्रीय नियमों के अनुसार ही मुआवजा देने की मांग की। मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की धमकी दी।
सोमवार को गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय और क्षेत्रीय विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। विधायक पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन मिलकर गरीबों के साथ छल कर रहा है। सड़क के किनारे की कीमती जमीन का गलत मुआवजा दिया जा रहा है। जबकि केंद्र सरकार ने इसके लिए पहले ही मुआवजा राशि तय कर दी है। कुछ समय पूर्व सरकारी कंपनी भेल ने भूअधिग्रहण पर 1.35 करोड़ रुपए प्रति एकड़ मुआवजे का भुगतान किया था।
विधायक ठुकराल ने कहा कि कई बार मामला संज्ञान में लाने के बाद भी जिला प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। कुछ स्थानीय कांग्रेसियों के प्रभाव के कारण एनएचएआई के अधिकारियों ने गलत पैमाइश की। साथ ही कांग्रेसियों की भूमि को एनएच की जद से बाहर कर दिया। भाजपा के समस्त मोर्चा प्रभारी रविंद्र बजाज ने कहा कि कांग्रेस सरकार किसान विरोधी है। इस कारण किसानों की जमीन लेकर उनको औने-पौने मुआवजा दिया जा रहा है। कहा कि अगर मुआवजा ठीक नहीं दिया गया तो भाजपा किसी भी हद तक आंदोलन को तैयार है।
इस मौके पर भाजपा मजदूर मोर्चा के जिलाध्यक्ष राधेश शर्मा, मिनी गुंबर, मोहन पांडेय, हिमांश सरकार, भारत भूषण चुघ, अनादि रंजन, राजेश बजाज, अजय यादव, मनमोहन यादव, गोपी सागर, अमित नारंग, धर्मेंद्र शर्मा, नरेश शर्मा, राकेश सिंह, राजवीर यादव, रवि शर्मा, पवन शर्मा, नकुल, रंजीत, अमित, संजय शर्मा, राकेश कश्यप, दीपक प्रजापति, आदेश शर्मा, पुनीत कश्यप, करनैल सिंह, संजय ठुकराल, राजेश तिवारी, जितेंद्र कुमार, सुंदर लाल, गोकुल पांडेय आदि मौजूद थे।