किच्छा। पांच दिवसीय द्वितीय धीरज सिंह रघुवंशी मेमोरियल फिडे रेटेड ओपन चेस प्रतियोगिता के दूसरे दिन रेलवे के ग्रैंड मास्टर सप्तर्षि राय चौधरी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जम्मू कश्मीर के आशुतोष जमवाल पर दो अंकों की बढ़त बनाई।
देवभूमि चेस एसोसिएशन के महासचिव संजीव चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में दूसरे राउंड के बाद कई खिलाड़ियों ने दो-दो अंकों की बढ़त बनाई है। इनमें इंटरनेशनल मास्टर नीलेश साहा (रेलवे), केरल के नितिन बाबू, पश्चिम बंगाल के अनुष्टुप विश्वास और अंबरीश शर्मा शामिल हैं।
बिहार के मृत्युंजय कुमार, दिल्ली के शांतु मंडल और पश्चिम बंगाल के गौतम डे ने भी मुकाबले जीतकर दो अंक पाए। पंजाब के एफएम रामप्रकाश और दिल्ली की सोनी कृष्णन ने भी जीत दर्ज की। चंडीगढ़ की इकाशा प्रताप सिंह ने राजस्थान की सौम्या अग्रवाल के साथ ड्रॉ खेला।
उत्तराखंड के मोहन चंद्र नैथानी ने मध्य प्रदेश के कमल मिश्रा के साथ अंक साझा किए। पश्चिम बंगाल के केके चटर्जी और बिहार के इशान सतवत ने भी ड्रॉ खेलकर डेढ़-डेढ़ अंक प्राप्त किए। उत्तराखंड के अनिरुद्ध कुमार और विनोद पांडे ने भी ड्रॉ खेला।
मुख्य ऑर्बिटर आईए मृत्युंजय सिंह रहे। उनके साथ उप ऑर्बिटर आईए रुपेश कुमार और ऑर्बिटर आईए शार्दुल शर्मा भी मौजूद हैं। स्वाति भट्ट, अभि सिंह, ऋषभ साहू और वीना यादव सहित कई अन्य अधिकारी व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।