भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि जिस तरह से सेल्स टैक्स, इनकम टैक्स जनता पर लगाया जाता है। ठीक उसी तरह से राज्य सरकार ने प्रदेशवासियों के लिए डीजल और पेट्रोल पर ‘हरदा कर’ (हरीश रावत) लगाया है। पंत बुधवार को लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि राज्य में खनन से 1100 करोड़ रुपये की आय है, जो अब अवैध खनन के चलते स्थिर हो गई। इतना ही नहीं सरकार ने एक खनन माफिया के चार करोड़ रुपये माफ कर दिए। शराब की बिक्री से सरकार को अच्छी आय हो सकती है, लेकिन सरकार ने शराब का ठेका एक ही हाथ में सौंप दिया है। जो गिने चुने ब्रांड ही दुकानों पर रख रहा है, जिससे अन्य अधिकांश ब्रांड बाजार से गायब हो गए हैं। पंजीकरण शुल्क बढ़ाने से भूमि और मकानों की लागत मूल्य बढ़ जाएगी। पंत ने कहा कि बहुगुणा सरकार ने खनन पर नजर रखने के लिए एक टीम गठित की थी, जो छापा मारकर खनन कार्यों, स्टाक का जांच करती थी, अब वह बंद है। प्रकाश पंत ने कहा कि केंद्र सरकार ने ग्राम पंचायतों को विकास कार्य के लिए सीधी धनराशि भेजी है, लेकिन प्रदेश सरकार ने 50 प्रतिशत का खर्च मुख्यमंत्री द्वारा की जाने वालों घोषणाओं में खर्च करने का आदेश दिया है। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने बुके भेंट कर प्रदेश महामंत्री पंत का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, जिलाध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी, ब्रिजेश सैनी, राजेंद्र सैनी, अमित मनचंदा, रविपाल, पुष्कर बिष्ट, सुशील शर्मा, गुरविदर चंडोक, आदेश चौहान आदि थे।