उत्तराखंड जल संस्थान ने बकाया वसूली को लेकर पिछले दिनों चलाए गए अभियान में तीन दर्जन से अधिक अवैध कनेक्शन पकड़े हैं। इसमें लोक निर्माण विभाग के सर्वाधिक 23 अवैध कनेक्शन पाए गए।
जल संस्थान की टीम अभियान में लोनिवि के 23, बैंकों के तीन, वन विभाग के चार, सिंचाई विभाग और पूल्ड हाउस कॉलोनी के एक-एक अवैध कनेक्शन पकड़ा गया है। जल संस्थान के एई आरके श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए अवैध कनेक्शन धारकों के विरुद्घ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के अवैध कनेक्शन पर 500 रुपये और शहरी क्षेत्र के अवैध कनेक्शन पर 1000 रुपये का जुर्माना और छह माह का बिल वसूला जाएगा। फिलहाल आधा दर्जन अवैध कनेक्शन धारकों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि टीम नगर और ग्रामीण क्षेत्र में भ्रमण कर बकाया वसूली के साथ ही कनेक्शनों की भी जांच कर रही है। एई श्रीवास्तव ने बताया कि लगभग 56 लाख बकाया वसूली के सापेक्ष सवा दो लाख की ही बमुश्किल वसूली हो सकी है।
बजट मिलते ही दूर होगी लीकेज समस्या
खटीमा। मेलाघाट रोड पर भूमिगत लाइन के लीकेज के सवाल पर सहायक अभियंता आरके श्रीवास्तव ने बताया कि करीब 124 भूमिगत पाइप लाइन लीकेज हैं। इन्हें जोड़ने वाले सॉकेट की वेल्डिंग का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही इस पर कार्रवाई की जाएगी।
चार के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। बिजली चोरी करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ बिजली विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। शुक्रवार को बिजली विभाग के एसडीओ अन्नू अरोरा ने टीम के साथ एलायंस कॉलोनी में छापेमारी की। इस दौरान कॉलोनी निवासी संजीव अरोरा और उर्मिला के घर में एचटी लाइन में कटिया डालकर बिजली चोरी पकड़ी गई। इधर, बाजार क्षेत्र में पांच मंदिर के पास सौरभ और आर्य समाज मंदिर गली निवासी नवनीत नारंग के घर में भी बिजली चोरी पकड़ी गई। चारों के खिलाफ रुद्रपुर कोतवाली में बिजली अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। ब्यूरो