तोशा कंपनी के मामले में नहीं हुई सुनवाई
रुद्रपुर। सिडकुल में सील की गई तोशा कंपनी को लेकर एडीएम कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। इसकी वजह एडीएम के बैठकों में व्यस्त रहना रहा। माना जा रहा है कि एडीएम कोर्ट में सुनवाई में कंपनी को राहत मिल सकी है। बता दें कि सिडकुल स्थित तोशा कंपनी पर एसबीआई लुधियाना की साढ़े पांच करोड़ रुपयों की देनदारी थी। पिछले हफ्ते प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कंपनी का उत्पादन बंद कराकर सील कर दिया था।
बैंक प्रबंधन ने कंपनी में ताला जड़कर इसकी नीलामी की तिथि 28 फरवरी तय कर दी थी। मामले में फैक्ट्री प्रबंधन ने बैंक अधिकारियों पर एक पक्षीय फैसला करने का आरोप लगाते हुए एडीएम वित्त प्रताप शाह की कोर्ट में वाद दायर किया था।
शुक्रवार को इस मामले को लेकर सुनवाई होनी थी। बताया जा रहा है कि बैंक अधिकारियों ने मामले में प्रबंधन का पक्ष नहीं सुना था। इस वजह से कोर्ट की सुनवाई में प्रबंधन को लाभ मिल सकता है। लेकिन एडीएम वित्त शाह के बैठकों में व्यस्त रहने की वजह से सुनवाई नहीं हो सकी है। एडीएम शाह ने बताया कि अगली तय तिथि पर मामले की सुनवाई की जाएगी।