राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पंचम जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित
बाजपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मल्टीपरपज हॉल में सोमवार को पंचम जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें जिलेभर से 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्या डॉ. मनुहार आर्य ने किया। उत्तराखंड योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव रंजीत सिंह ने बताया कि सूबे के योगासन खिलाड़ियों ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में सात पदक और दूसरी एशियन योगासन चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। पहले चरण में अंडर-14 बालिका वर्ग ट्रेडिशनल योगासन चैंपियनशिप में घोषिता सराफा ने स्वर्ण, तनिष्का कन्याल ने रजत और जानकी कठायत ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
अंडर 14 वर्ग में रिदमिक गैर योगासन इवेंट में खुशबू चौधरी और रितिक चौधरी ने स्वर्ण, लाभांशी झा और परी ने रजत व इशिका और रुद्राक्ष ने कांस्य पदक जीता। बालक वर्ग में योगेश कुमार को स्वर्ण , देवेश सिंह बिष्ट को रजत और निर्भय यादव को कांस्य पदक मिला। कंपटीशन मैनेजर मनीत कुमार ने बताया कि जिला स्तर पर पदक जीतने वाले सभी प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। वहां डॉ. सूरजपाल सिंह, डॉ. विकास रंजन आदि मौजूद रहे।