गूलरभोज में पति से अलग रह रही दुराचार पीड़िता ने आरोपियों से जान का खतरा बताया है। उसने एसएसपी केवल खुराना से जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला को गनर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बीते बुधवार को गदरपुर की महिला ने पति पर 50 हजार रुपये में उसका सौदा करने का आरोप लगाया था। सिंचाई विभाग के जेई सहित दो लोगों पर बीते 15 फरवरी को उसके साथ दुराचार का आरोप भी था। उसका कहना था कि लगातार मिल रही धमकियों से डरकर वह दो बच्चों के साथ गूलरभोज में रह रही है। लेकिन किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं होने से बेखौफ आरोपी उसे धमका रहे थे।
एसएसपी के निर्देश पर गदरपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। शुक्रवार को महिला दोबारा एसएसपी के पास पहुंची। उसने कहा कि आरोपियों की धमकियों ने उसका जीना मुहाल कर दिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों से उसे और उसके दो बच्चों को जान का खतरा है। एसएसपी खुराना ने महिला की सुरक्षा के लिए गनर देने के निर्देश दिए।