खटीमा। टनकपुर रोड स्थित रोडवेज बस स्टेशन पर एक व्यक्ति द्वारा चालक से मारपीट करने से आक्रोशित रोडवेज बस चालकों ने बसें आड़ी तिरछी खड़ी कर एक घंटे तक जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद चालकों से जाम खुलवाया।
टनकपुर से एक बस रोडवेज बस स्टॉप पर पहुंची तो सड़क पर एक ई-रिक्शा खड़ा था। ई-रिक्शा हटाने को बस चालक ने हार्न बजाया तो उसमें सवार व्यक्ति बस चालक के पास पहुंचा। उसने बस चालक से गाली गलौज और मारपीट की। इसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
इससे गुस्साए बस चालकों ने बसों को आड़ा तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर एसएसआई जगदीश ढकरियाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालकों से जाम लगाने का कारण पूछा तो चालकों ने साथी से मारपीट की बात बताई।
काफी तलाश करने पर भी आरोपी युवक का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस के काफी प्रयासों के बाद बस चालक जाम खोलने के लिए राजी हुए। इस दौरान रोडवेज के दोनों ओर वाहनों का लंबी कतारें लग गई थी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।