उत्तर प्रदेश के पीलीभीत की ओर से आ रहा मवेशियों से भरा ट्राला पुलिस ने पकड़ा है। तलाशी लेने पर ट्राले में करीब 36 से अधिक मवेशी बरामद हुए। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में ले लिया। जबकि ड्राईवर समेत दो तस्कर मौके से फरार हो गए।
शुक्रवार शाम करीब सात बजे उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित सरकड़ा पुलिस चौकी पर इंचार्ज योगेश दत्त मय पुलिस के वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच पीलीभीत की ओर से आए ट्राले (एमपी09एचजी-4055) को पुलिस ने रोक लिया। चौकी इंचार्ज ने ड्राईवर को नीचे उतारकर ट्राले में भरे माल के बारे में पूछा तो उसने धान के बोरे लेकर जयपुर, बरेली जाना बताया। इस पर पुलिस ने शक के आधार पर पूरी तरह से कवर्ड ट्राले की तलाशी ली। जैसे ही सिपाही ट्राले पर ड्राईवर के साथ चढ़ा तो ड्राईवर व ट्राले में सवार एक अन्य तस्कर वाहन से कूदकर खेतों में भाग निकले। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया लेकिन, अंधेरे का फायदा उठाते हुए तस्कर भागने में कामयाब रहे। ट्राले का तिरपाल खोलकर देखा तो उसमें बुरी तरह से मवेशी ठूंस रखे थे। पुलिस ने मवेशियों से भरे ट्राले को कब्जे में ले लिया और सरकड़ा गांव के शिव मंदिर पर ट्राला लाकर ग्रामीणों की मदद से मवेशी निकाले। चौकी इंचार्ज ने बताया कि ट्राले में 36 से अधिक मवेशी भरे हुए थे। जिनमें कई मवेशियों की हालत खराब हो गई है। बताया कि मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। जो मवेशी बीमार हैं, उनका इलाज भी कराया जाएगा। कहा कि फरार तस्करों में ड्राईवर ने उन्हें अपना नाम इंदौर मध्य प्रदेश निवासी शाकिर बताया है। कहा कि तस्करों का पता लगाया जा रहा है। टीम में हेड कांस्टेबल देवीदत्त पांडे, कांस्टेबल कुंदन सिंह, राजेंद्र जोशी, ललित शर्मा, योगेंद्र सिंह आदि थे।