सितारगंज। हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल व पेट्रोल की बिक्री में सेल्समैन के गड़बड़ी करने का मामला सामने आया है। पंप के सहायक मैनेजर ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को कुंवरपुर सिसैया के ओम साईं फ्यूल्स के सहायक मैनेजर राजकुमार नारंग पुत्र हंसराज नारंग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पंप का कार्य वह अपने सहयोग वार्ड संख्या एक चिंतीमझरा निवासी श्याम सुंदर पुत्र जोगेंद्र सिंह के साथ मिलकर करते हैं। पंप पर बगनेरा थाना अमरिया जिला पीलीभीत यूपी का एक व्यक्ति सेल्समैन के रूप से डेढ़ साल से नौकरी पर कार्यरत था। बीते 18 जुलाई को वह पंप पहुंचे और सेल्समैन के माल बिक्री रजिस्टर को चेक किया तो हिसाब में गड़बड़ी निकली। सेल्समैन से जानकारी ली तो उसने गलती स्वीकारते हुए कहा कि पंप का माल बेचकर रकम स्वयं रखी ली है और उधार के रूप में यह रकम कागजों में दर्ज कर दी।
जांच करने पर सामने आया कि करीब 17 लोगों के नाम से पांच लाख सात हजार 420 रुपये बकाया दर्शाई गई। पॉस मशीन से दो लाख 20 हजार 745 रुपये का माल स्वाइप होना दिखाया। कुल सात लाख 28 हजार 165 रुपये की रकम सेल्समैन ने धोखाधड़ी कर हड़प ली। सेल्समैन से रकम मांगी तो उसने 10 दिन का समय मांगा। इस पर 20 जुलाई का स्टांप करा लिया गया। आरोप लगाया कि आरोपी अब उन्हें और उनके सहयोगी श्याम सुंदर को धमकियां दे रहा है और रकम वापस करने से भी मुकर गया है। आरोपी उनके खिलाफ झूठा केस दर्ज कराने की भी धमकी दे रहा है। इससे वह भयभीत हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।