रुद्रपुर। एक दपंती को बेची गई आवासीय संपत्ति को फर्जी दस्तावेज के सहारे दूसरे व्यक्ति को बेचने का आरोप लगा है। पुलिस ने दपंती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गदरपुर के वार्ड नंबर एक सरस्वती विहार निवासी केशव ढींगरा ने कोतवाली में दर्ज कराए केस में कहा कि उन्होंने ग्राम रम्पुरा रुद्रपुर में एक आवासीय संपति को स्वर्णलता गोयल निवासी पूर्ण इन्क्लेव, काशीपुर रोड से 3302000 में खरीदी थी। इसके विक्रय पत्र का पंजीकरण 28 सितंबर 2021 को उपनिबंधक कार्यालय रुद्रपुर में दर्ज हुआ था। इस संपत्ति का नामांतरण राजस्व अभिलेखों में 31 दिसंबर 2021 को नायब तहसीलदार न्यायालय के आदेश पर हो चुका है। उनके संज्ञान में आया है कि स्वर्णलता गोयल ने उनको बेची संपत्ति पांच अक्तूबर 2021 को रंजीत सिंह चावला को अपने पति के साथ मिलकर बेच दी है। स्वर्णलता को संपति बेचने का कोई विधिक अधिकार नहीं है। आरोप है कि स्वर्णलता ने जानबूझकर कूटरचित कागजात तैयार कर झूठे शपथपत्र के आधार पर संपति को गलत तरीके से बेच दिया है। पुलिस ने स्वर्णलता गोयल व उसके पति राजकुमार गोयल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।