बाजपुर। खान विभाग की टीम ने क्षेत्र के स्टोन क्रशर पर औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से क्रशर संचालकों में खलबली मच गई। पोर्टल से अधिक उपखनिज भंडारण करने पर चार स्टोन क्रशर सीज कर दिए।
ग्राम समाज और निजी नाप भूमि में अवैध खनन की मिल रहीं शिकायतों पर बुधवार को खान अधिकारी मनीष परिहार ने टीम के साथ बाजपुर और काशीपुर क्षेत्र के गुलजारपुर , गांधीनगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। पैमाइश के दौरान स्थल में पोर्टल से अधिक उपखनिज भंडारित होने पर मॉडर्न स्टोन क्रशर, एकता स्टोन क्रशर, ओमकार स्टोन क्रशर और विर्क स्टोन क्रशर स्क्रीनिंग प्लांट मॉडर्न नेचुरल को मौके पर सीज कर दिया। टीम ने अवैध उपखनिज का परिवहन करते दो डंपर पकड़ लिए। जिन्हें सीज कर नजदीक के एक स्टोन क्रशर को सुपुर्द कर दिया गया। खान अधिकारी ने बताया कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम में सहायक खनिज परिवेक्षक पंकज चंद, भूपेंद्र असवाल आदि शामिल रहे।