काशीपुर। वाहन चेकिंग के दौरान कोतवाली पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को 12.06 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। बीते शनिवार की शाम पुलिस मानपुर रोड स्थित नौगजा कब्रिस्तान के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार पुलिस को देख भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर मो. नाजिर निवासी मोहल्ला अल्ली खां के पास से स्मैक बरामद की। आरोपी के पास से करीब 450 रुपये, एक मोबाइल और बाइक कब्जे में लेकर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
सितारगंज में भी नशे की सामग्री जब्त की
सितारगंज। पुलिस ने शनिवार रात शिव मंदिर वार्ड शक्तिगढ़ निवासी सूरज सामंत (26) को पिपलिया गांव के रास्ते पर पकड़ा। उसके पास से 4.06 ग्राम स्मैक बरामद की। उसने बताया कि वह होटल में वेटर है और स्मैक का नशा भी करता है। बताया कि उसने यह स्मैक पिपलिया गांव निवासी युवक से खरीदी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिनेशपुर ने भी 256 ग्राम नशा बरामद किया
दिनेशपुर। पुलिस ने दो युवकों को 256 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया है। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि शनिवार रात को पुलिस ने चरणपुर मार्ग के पास बाइक सवार दो युवकों की तलाशी ली। उनके कब्जे से स्मैक बरामद हुई। बताया कि इंद्रजीत सिंह और दिलेर सिंह ग्राम बिठौरा मझोला, थाना नानकमत्ता क्षेत्र में स्मैक सप्लाई करने का काम करते हैं।
कोट
पुलिस नशे के तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। नशा बेचने वालों को किसी भी तरह से बख्शा नहीं जाएगा। - डीआर वर्मा, सीओ
दुकान के बाहर से सामान चोरी, वीडियो हुआ वायरल
रुद्रपुर। शहर के विधवानी मार्केट स्थित शॉपिंग माल के बाहर रखे सामान पर दिन में एक युवक ने हाथ साफ कर दिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जो पूरे दिन वायरल हुई।
रविवार दोपहर एक मार्ट के संचालक ने ग्राहकों को रिझाने के लिए कुछ सामान दुकान से बाहर रखा था। इसी दौरान लाल शर्ट में एक युवक आया और मार्ट के सामने रखा एक बैग उठाकर भाग गया। कुछ देर बार दुकानदार बाहर आया और वहां उसे बैग नहीं दिखा। सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हो गई। दुकान संचालक की सूचना पर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है।
महिला के बैग से उड़ाए चार हजार रुपये, दंपती पर शक
बाजपुर। साप्ताहिक बाजार में महिला के बैग से चार हजार रुपये की चोरी हो गई। शक के आधार पर पुलिस एक दंपती से पूछताछ कर रही है। नंदपुर नरका टोपा गांव निवासी नीरज गांव की महिलाओं के साथ साप्ताहिक बाजार आई थी। वह बेरिया दौलत रोड स्थित एक दुकान से सामान की खरीदने लगी। तभी उसके बैग से चार हजार रुपये गायब हो गए जब उसने दुकानदार को रुपये देने के लिए बैग खोला तो चोरी का पता चला। महिलाओं ने एक दंपती को शक के आधार पर पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दंपती से पूछताछ कर रही है। दंपती ने रुपये चोरी करने से इंकार किया है। तलाशी लेने पर दंपती के पास से नकदी नहीं मिली है।