रुद्रपुर। ब्लाॅक प्रमुख के पति पर बीडीसी मेंबर के पति ने कार्यालय में बुलाकर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ज्योति मौर्या ग्राम सभा अजीतपुर से क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। 29 अक्तूबर को रुद्रपुर ब्लाॅक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक थी। जिसमें उनकी पत्नी ज्योति भी शामिल होने आई थी। पत्नी के संग वह ब्लाॅक में पहुंचे। बैठक समाप्त होने के बाद सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य चले गए। आरोप है कि शाम साढ़े तीन बजे ब्लाॅक प्रमुख के पति जितेंद्र गौतम ने उन्हें व उनकी पत्नी को अपने कार्यालय में बुलाया। जब दोनों कार्यालय में पहुंचे तो वहां जितेंद्र समेत चार लोग मौजूद थे।
इस बीच जितेंद्र व अन्य लोगों ने मिलकर उनकी पत्नी को गालियां दी और कहने लगे कि तुम लोगों ने ब्लाॅक प्रमुख के चुनाव में हमें वोट नहीं दिया। आरोप है इसके बाद चारों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। हमले में उनकी पत्नी के पेट व गुप्तांग में चोट आई। कुछ लोगों के पहुंचने पर दोनों की जान बची। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। सीओ प्रशांत कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
कोट
हमें बदनाम करने की साजिश की जा रही है। ब्लाॅक कार्यालय सीसीटीवी कैमरों से लैस है। हमने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज देखे जाएं। जिससे सत्यता सामने आ सके। - जितेंद्र गौतम, ब्लांक प्रमुख पति।