फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिलेंडर फटने के बाद चार दुकानों में धधकी आग

Sat, 26 Nov 2016 10:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो रुद्रपुर।
विज्ञापन
अग्निकांड में जली दुकान से जला हुआ सामान समेटता दुकानदार। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 डीडी चौक के पास स्थित समोसा मार्केट की एक दुकान में आग लगने के बाद धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। इसके बाद तीन अन्य दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं। अग्निकांड में चार दुकानों का लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दुकान के भीतर सो रहा एक श्रमिक भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग को काबू किया। सूचना पर एसडीएम और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर अग्निकांड का जायजा लिया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
विज्ञापन



डीडी चौक के पास काशीपुर बाईपास रोड स्थित समोसा मार्केट में शनिवार तड़के करीब ढाई बजे इंदिरा कालोनी निवासी गणपतराम पुत्र प्रभुदयाल की समोसे की दुकान में आग लग गई। दुकान में सो रहा कर्मचारी शिवनगर निवासी 40 वर्षीय धनी राम पुत्र सालिगराम इस आग में बुरी तरह झुलस गया। उसने बमुश्किल खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। तब तक दुकान में रखा गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गया और आग की लपटें बगल में स्थित मोहल्ला खेड़ा निवासी सिब्ते हसन की दुकान फनकार हेयर कटिंग सैलून, ग्राम लंबाबड़ा निवासी जुल्फिकार पुत्र रजा अली की दुकान इंडिया ट्रैवल्स और आवास विकास निवासी श्रीकृष्ण गुप्ता की दुकान गुप्ता आदर्श समोसा भंडार में भी गई।

सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मशक्कत के बाद चारों दुकानों में लगी आग को काबू किया। तब तक चारों दुकानों में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो चुका था। अग्निकांड में घायल धनी राम को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान स्वामी सिब्ते हसन के मुताबिक उसे आग से करीब दो लाख की क्षति पहुंची है। वहीं इंडिया ट्रैवल्स के स्वामी जुल्फिकार का कहना है कि दुकान में सामान के साथ-साथ उसकी बाइक संख्या यूके-06एल/0598 और पचास हजार की नगदी भी जलकर राख हो गई। उसे करीब 4 लाख का नुकसान हुआ है। गणपतराम ने करीब 2 लाख का नुकसान होने जानकारी दी है।
विज्ञापन



 डीडी चौक के पास चार दुकानों में आग लगने की सूचना पर शनिवार सुबह उपजिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, तहसीलदार डा. अमृता शर्मा ने मौके पर घटना की जानकारी ली और नुकसान का जायजा भी लिया। वहीं मौके पर पहुंचे विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ सहित तमाम लोगों ने अग्निकांड पीड़ित दुकानदारों को ढांढस बंधाते हुए मदद का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें