झनकइया थाना पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 31 साइबेरियन पक्षियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस और वन विभाग के अनुसार पकड़े गए चारों आरोपी इन्हें नेपाल बेचने ले जा रहे थे।
शारदा सागर में सर्दी का मौसम आने के साथ ही यूरोपीय देशों से आने वाले साइबेरियन पक्षियों का शिकार शुरू हो जाता है। जिसको लेकर पुलिस और वन विभाग हर साल भारी चौकसी करता है बावजूद शिकार होता है।
इस सीजन में पहली बार बुधवार को संयुक्त टीम ने शारदा सागर के किनारे सिसैया बंधा से 31 साइबेरियन पक्षियों के साथ सिसैया बंधा निवासी सुरेश कुमार, वनमहोलिया निवासी रामलाल, विनोद और बंदरभोज माधोटांडा जनपद पीलीभीत निवासी शिव कुमार को धर दबोचा।
साइबेरियन पक्षियों सहित शिकारियों को पकड़ने वाली टीम में वनक्षेत्राधिकारी एससी मेंदोला, नंदलाल, अशोक कुमार गौतम, भुवन सिंह ओली, योगेश वर्मा आदि शामिल रहे। इस संबंध में पूछने पर रेंजर मेंदोला और एसओ दिनेश फर्त्याल ने बताया कि शिकारियों के प्रयास में टीम थी और उन्हें आशंका थी कि मेले के समय पर शिकारी इसका लाभ उठा सकते हैं। बता दें कि इन दिनों भारत ही नहीं सीमावर्ती नेपाल क्षेत्र में भी गरम तासीर वाले साइबेरियन पक्षियों की भारी मांग हैं जिसके तहत शिकारी इन पक्षियों का शिकार कर 250 से 300 रुपये में बेचते हैं।