पुलिस ने बाइक चोरी का खुलासा करते हुए चार चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की कुल छह बाइक बरामद की गई हैं। खुलासा करने वाली टीम को एएसपी ने 15 सौ रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
शहर में लगातार बढ़ती जा रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी ने शीघ्र इस पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे। बाइक चोरी की घटनाओं को खोलने के लिए एएसपी और सीओ राजेश भट्ट ने कोतवाल चंचल शर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया था। रविवार को बाइक चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस टीम शनिवार की शाम ढेला पुल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो बाइकों से आ रहे चार लोगों को रोका।
जब उनसे गाड़ी के कागजात दिखाने को कहा तो वह नहीं दिखा पाए। इस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में चारों ने अपने नाम पंकज कुमार निवासी बंकावाल थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद यूपी, कपिल कुमार निवासी ग्राम अब्दुल्लापुर थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद यूपी, अमित कुमार और अजीत कुमार निवासीगण अस्लेमपुर थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद यूपी बताया। चारों की निशानदेही पर पुलिस ने ठाकुरद्वारा क्षेत्र में स्थित पशुपति फैक्ट्री के पीछे महमूदगंज गांव के पास जाटवों वाले श्मशान घाट मार्ग पर खेत में छिपाई चोरी की चार बाइकें बरामद कीं। एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि चारों चोर काशीपुर के बैंक, अस्पताल, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आसपास खड़ी बाइक चोरी करते हैं। बताया कि मांग अधिक होने के कारण वह अधिकतर हीरो कंपनी की बाइक चोरी करते हैं। चारों के पास से 14 बाइकों की चाबियां भी बरामद की गई हैं।
पढ़े लिखे है चारों चोर
काशीपुर। पकड़े बाइक चोरों में से एक को छोड़ तीन अच्छे पढ़े लिखे हैं। कपिल कुमार बीए तृतीय वर्ष में पढ़ रहा है, जबकि अमित कुमार बीएएसपी प्रथम वर्ष में है। वहीं, अजीत कुमार पॉलीटेक्निक में मेकेनिकल ट्रेड में फाइनल वर्ष में है। सिर्फ पंकज ही इंटर तक पढ़ा है।
यह बरामद हुई चोरी की बाइकें
हीरो स्पलेंडर प्लस यूके 06 एक्स -3233, हीरो स्पलेंडर प्लस यूके 06 जेड-4565, हीरो स्पलेंडर प्रो यूके 06 वाय-04294, हीरो एचएफ डिलक्स यूके 06केए-2412, हीरो एचएफ डिलक्स यूपी 21 एडल्यू-3703, हीरो पेशन यूपी 21 एवाय-9726। यह बाइकें दया ट्रेड्र्स मुख्य चौराहा, रवि सिंघल नर्सिंग होम, नैनीताल बैंक, प्रिया मॉल के बाहर से चोरी की गई थीं।
टीम में यह रहे शामिल
कोतवाल चंचल शर्मा, एसएसआई वीरेंद्र रमोला, एसआई जसविंदर सिंह, सतेंद्र सिंह, विजय सिंह, राजेंद्र पंत, कांस्टेबल दीवान सिंह, कुलदीप सिंह, देवेंद्र सिंह, कपिल कुमार, नंदन सिंह, धीरेंद्र सिंह, एसओजी के कैलाश तोम्क्याल, देवेंद्र बिष्ट व गिरीश कांडपाल आदि शामिल थे।