जसपुर। पूर्व विधायक की गाड़ी पर डंपर चढ़ाने के प्रयास का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोप में अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व विधायक डाॅ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने कुंडा कोतवाली निरीक्षक विक्रम राठौर को तहरीर दी। बताया कि बीते मंगलवार के दिन वह अपनी गाड़ी से सिद्धार्थ पेपर मिल की ओर से काशीपुर आ रहे थे। उनके साथ कुछ साथी भी गाड़ी में बैठे थे। आरोप है कि रास्ते में डंपर संख्या एचआर 68 सी 3533 के अज्ञात चालक ने वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए उनकी गाड़ी पर चढ़ाने का प्रयास किया।
उसकी इस हरकत से उन्हें और उनके साथियों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ और समझदारी से वह बाल-बाल बच गए। इस घटना से उनके समर्थकों में आक्रोश है।
कोट
पूर्व विधायक डाॅ. शैलेंद्र मोहन सिंघल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी है। मामले की जांच कर दोषी को जल्द पकड़ लिया जाएगा। - स्वप्न कुमार सिंह, एसपी, काशीपुर