काशीपुर डिग्री कॉलेज गेट पर आवेदन फार्म जमा करते छात्रसंघ पदाधिकारी।
- फोटो : KASHIPUR
राधेहरि पीजी कॉलेज में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की मूल प्रतियां समिति की ओर से जमा नहीं करने पर दूर-दराज से आए छात्रों को मायूस लौटना पड़ा।
कॉलेज में छह हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। कोरोना के चलते अभी तक कुमाऊं विवि का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हुआ है। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन ने नए सत्र 2020-2021 में प्रवेश के लिए बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम वर्ष में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करा दी है। काफी संख्या में छात्र-छात्राएं ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं।
19 अगस्त को प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवराज मिश्रा ने ऑनलाइन पंजीकरण करने वाले अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन की मूल कॉपी जमा करने को तीन सदस्यीय टीम गठित की। चंद्रशेखर पांडेय को कला, आनंदराम को विज्ञान और बलवंत सिंह को वाणिज्य वर्ग के अभ्यर्थियों के दस्तावेज जमा करने का दायित्व सौंपा।
सोमवार को छात्र दस्तावेज जमा करने पहुंचे लेकिन वहां कोई उपलब्ध नहीं था। समिति सदस्य बलवंत ने बताया कि उन्हें अभी तक कोई निर्देश नहीं मिला है। कॉलेज खुलने के बाद मूल आवेदन जमा हो सकेंगे। उधर, छात्रसंघ उपाध्यक्ष पियूष भारद्वाज और सचिव मोहित रोतेला ने कुछ छात्र-छात्राओं के आवेदन फार्म अपने पास जमा कर लिए।
छात्र-छात्राओं ने कहा कि सोशल मीडिया और छात्रसंघ पदाधिकारियों के माध्यम से उन्हें आवेदन फार्म जमा करने की सूचना मिली थी। प्रभारी प्राचार्य से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका मोबाइल स्वीच ऑफ होना पाया गया।