आखिर वन तस्करों के पास कहां से आ रहे हथियार
बेखौफ वन तस्कर जंगलात टीम पर आए दिन फायरिंग कर हमला कर रहे हैं। ग्रामीणों में चर्चा है कि आखिर वन तस्करों को अवैध हथियार और कारतूस कहां से उपलब्ध हो रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर जंगलात टीम पर लगातार वन तस्करों ने तीन हमले कर दिए।
बीते रविवार को गोबरा क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर तस्करों ने हमला किया था। उसके बाद बीते शुक्रवार को बरहैनी रेंज के थापकनगला क्षेत्र में जंगलात टीम पर वन तस्करों ने हमला किया था। बीते मंगलवार को गदगदिया रेंज में तो वन तस्करों ने हद ही कर दी। कर्मचारियों को टारगेट पर रखकर 22 राउंड फायरिंग की। बचाव में वन विभाग टीम ने दो राउंड फायर किए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि वन तस्करों को शस्त्र हथियार और कारतूस कौन सप्लाई कर रहा है? पुलिस प्रशासन को इस तरफ भी नजर रखनी चाहिए। केलाखेड़ा क्षेत्र उत्तर प्रदेश सीमा से सटा है। अवैध हथियार यूपी क्षेत्र से आने की संभावना जताई जा रही है। करीब दो साल पहले गदरपुर क्षेत्र में यूपी सीमा से सटे जंगल में अवैध असलहा की फैक्टरी पकड़ी गई थी।