तराई पश्चिमी वन प्रभाग के पतरामपुर रेंज की वन चौकी में घुसकर सोमवार रात कुछ लोग लकड़ी चोरी कर ले गए। जब वन बीट अधिकारी ने मंदिर के पास इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान हमलावरों ने वन बीट अधिकारी की बाइक को आग लगा दी। वन आरक्षी की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पतरामपुर रेंज के शिवराजपुर चौकी में तैनात वन बीट अधिकारी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि सोमवार रात करीब 9.30 बजे शिवराजपुर वन चौकी में रखी लकड़ी चोरी कर ली गई। लकड़ी गांव के विजेंद्र, सर्वेश, सतेंद्र, मनोज, राजीव निवासीगण गांव शिवराजपुर ने चोरी की थी। सूचना पर वह आरोपियों का पीछा करते हुए शिवराजपुर मंदिर पर पहुंचा और लकड़ी चोरी करने का विरोध किया। इस पर आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए वन बीट अधिकारी के साथ मारपीट कर दी। शोर शराबा सुनकर वन बीट अधिकारी के पिता कैलाश सिंह मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी हमलावरों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने वन कर्मी की बाइक में आग लगा दी। हमलावरों से बचकर किसी तरह वन कर्मी थाना कुंडा पहुंचा और मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं वन बीट अधिकारी का सरकारी अस्पताल में उपचार कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
- 27 मार्च 2025 तराई वन प्रभाग के रामनगर रेंज के वन दरोगा सुखबीर सिंह पर खनन माफियाओं ने हमला किया था।