जसपुर। एक व्यक्ति ने बैंक मैनेजर और अज्ञात समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
ग्राम भोगपुर बढ़ियोवाला निवासी रणजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। कहा कि गांव निवासी सुखदेव सिंह के पास 1.50 लाख रुपये बेची गई जमीन का बकाया था। आरोप है कि सितंबर में आरोपी ने पैसे देने के एवज में परिवार के किसी सदस्य का बैंक खाता नंबर देने की मांग कर कहा कि उसके खाते में चार लाख रुपये आएंगे। अपनी रकम काट कर उसे शेष रकम का ब्लैंक चेक देना होगा।
आरोपी की बात पर विश्वास कर उसने अपने पुत्र का बैंक खाता नंबर दे दिया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी सुखदेव सिंह ने अपने भाई रेशाम सिंह, गांव निवासी जगरूप सिंह, यूपी के जिला बिजनौर निवासी विक्की एवं बैंक मैनेजर व अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उसके पुत्र के खाते में 8.21 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए और चेक के माध्यम से निकाल लिए। इसकी जानकारी उन्हें बैंक के स्टेटमेंट से लगी। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।