कोहरे का कहर रेलसेवा के साथ अब हवाई सेवा पर भी पड़ने लगा है। बुधवार के बाद शुक्रवार को भी कोहरे के चलते दिल्ली से पंतनगर आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट निरस्त कर दी गई। उधर रेल सेवा की रफ्तार कोहरे के चलते लगातार प्रभावित हो रही है। शुक्रवार को बाघ एक्सप्रेस करीब छह घंटे की देरी से रुद्रपुर पहुंची।
एयर इंडिया की फ्लाइट से पंतनगर से दिल्ली के लिए 22 यात्रियों ने टिकट की बुकिंग कराई थी। फ्लाइट कैंसिल होने से इन यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। वे टैक्सियों, बसों एवं निजी वाहनों से दिल्ली गए। स्टेशन प्रबंधक विनय प्रकाश पांडे ने बताया कि पंतनगर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह से ही कोहरा छाए रहने से एयरपोर्ट की परिधि में काफी कम रोशनी थी। पंतनगर एयरपोर्ट पर कम रोशनी में फ्लाइट लैंड कराने की व्यवस्था नहीं है। यदि कम प्रकाश में विमान उतारने के लिए आवश्यक यंत्रों की व्यवस्था हो जाए तो एयर इंडिया अपनी फ्लाइट कैंसिल न कर नियमित रूप से चलाएगी। उन्होंने बताया कि फ्लाइट कैंसिल होने से एयर इंडिया को वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उधर रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को बाघ एक्सप्रेस, रानीखेत एक्सप्रेस, देहरादून एक्सप्रेस और शताब्दी एक्सप्रेस डेढ़ से साढ़े पांच घंटे देरी से पहुंचे। दिल्ली मार्ग की रोडवेज बसें भी अपने तय समय से लेट पहुंचीं। रुद्रपुर रेलवे स्टेशन अधीक्षक डीएस मर्तोलिया ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन पर शुक्रवार सुबह दिल्ली रूट की कई रोडवेज बसें अपने तय समय से काफी देर से पहुंचीं। स्टेशन पर यात्री बसों की बाट जोहते नजर आए।