रुद्रपुर। जिले में नदी, नहर, नालों के उफान पर आने से बाढ़ को रोकने के लिए 4.39 करोड़ की योजनाएं बनाई गई हैं। सिंचाई विभाग ने इन योजनाओं को जिला योजना की बैठक में रखा। जिला योजना से इन बाढ़ योजनाओं को अनुमोदित कर दिया गया। अब इस सत्र में इन योजनाओं पर बाढ़ सुरक्षा के काम होने की आस जग गई है।
सिंचाई विभाग के अनुसार रुद्रपुर में धीमरी नदी से हो रहे भूमि कटाव, गंगापुर पटिया सोलर प्लांट के पास भूमि कटाव, आनंदनगर में नहर से कटाव, गदरपुर के हरिपुरा जलाशय व जाफरपुर नहर से खेतों तक नाली निर्माण होना है। इसके अलावा नंदपुर व बलखेड़ा नहरों की लाइनिंग निर्माण, नारायणपुर दोहरिया व सुंदरपुर में गूल निर्माण और दिनेशपुर के साथ ही गोपालनगर व कुंदननगर में कटाव रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य होने हैं।
किच्छा की पाहा नहर पर 40 बाढ़ सुरक्षा दीवार बननी है। बरी में नाली निर्माण, इसी तरह बाजपुर के हरसान क्षेत्र, जुड़का नंबर एक, बदरीपुर, बरखेड़ा, काशीपुर के चांदपुर, मधवुननगर, खटीमा के बंडिया भीमपुर कालोनी, ब्रहृमदेव मंदिर के पास, सितारगंज के निर्मलनगर, गगनपुर, नानकमत्ता के बलखेड़ा, विडौरा, गौहरपटिया, बिलहरी आदि गांवों में बाढ़ सुरक्षा के कार्य होने हैं। इसके लिए सिंचाई विभाग की ओर से 4 करोड़ 39 लाख 98 हजार रुपये के प्रस्ताव बनाकर जिला योजना की बैठक में रखे गए। जो अनुमोदित हो गए हैं। इससे अब इन योजनाओं के सिरे चढ़ने की उम्मीद जग गई है। इन गांवों में जल निकासी और बाढ़ सुरक्षा के काम होने से बरसात के दिनों में होने वाली तबाही से बचा जा सकेगा।
जिले के सभी डिवीजनों के विभिन्न गांवों में नदी, नालों व नहर से जल निकासी और बाढ़ सुरक्षा के कार्यों के लिए 439.98 लाख के प्रस्ताव जिला योजना की बैठक में रखे गए थे। जिनका अनुमोदन हो गया है। शासन से धन मिलने के बाद योजनाओं पर काम भी चालू हो जाएगा।-प्रकाश चंद्र पांडे, ईई सिंचाई खंड रुद्रपुर।