बाजपुर में हल्द्वानी स्टेट हाइवे जलमग्न, खराब हुई कार।
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। भारी बारिश से लेवड़ा सहित अन्य नदियां उफना गई। इससे बाढ़ जैसे हालात बन गए। हल्द्वानी स्टेट हाईवे जलमग्न होने से कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पानी भरने से कई बाइक और अन्य वाहन मार्ग में फंस गए, जिन्हें बमुश्किल बाहर निकाला गया। इसके अलावा चकरपुर, बांकेगनर, राजीवनगर, इंदिरा कॉलोनी में जलभराव होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार रात मूसलाधार बारिश होने से लेवड़ा नदी उफना गई। इससे नदी का पानी नगर के मुख्य मार्ग, हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर जमा हो गया। नैनीताल, हल्द्वानी, कालाढूंगी, रामनगर जाने वाले वाहनों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। जलभराव में कई वाहन रास्ते में ही खराब हो गए। इन वाहनों को ट्रैक्टर से बाहर निकाला गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। आसपास के लोग भी जमा हो गए। लेवड़ा नदी में आई बाढ़ से नगरीय क्षेत्र के अलावा, गांव चकरपुर की नई बस्ती, नहर किनारे की आबादी, राजीवनगर, इंदिरा कालोनी, बांकेनगर में जलभराव हो गया जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर जलभराव देखते ही नैनीताल, हल्द्वानी सहित अन्य पहाड़ के शहरों को जाने वाले लोग रुद्रपुर, काशीपुर से रामनगर होकर रवाना हुए। नागरिकों का कहना है कि बारिश होने पर लेवड़ा नदी में बाढ़ आने पर ब्लाक दफ्तर के सामने हल्द्वानी स्टेट हाइवे जलमग्न हो जाता है। कैबिनेट मंत्रियों, उच्चाधिकारियों सहित अन्य लोगों की आवाजाही इसी मार्ग से रहती है लेकिन इस समस्या का हल नहीं हो सका। इधर, गड़प्पू नाला उफनाने से गांव झाड़खंडी क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव, धान के खेतों में मलबा जमा होने की खबरें मिली हैं।