बाजपुर में हल्द्वानी स्टेट हाइवे पर बाढ़ का पानी।
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। बारिश होने से लेवड़ा नदी उफना गई, जिससे क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। ब्लॉक दफ्तर के सामने हल्द्वानी स्टेट हाईवे जलमग्न हो गया। इस कारण यातायात प्रभावित रहा और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इधर, गांव चकरपुर में लेवड़ा नदी की सहायक नहर में बाढ़ आने से गांव के कई घरों में पानी घुस गया। अधिकारियों ने भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
रविवार सुबह बारिश होने से क्षेत्र की नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया और लेवड़ा नदी में बाढ़ आ गई। इससे ब्लॉक दफ्तर के सामने हल्द्वानी स्टेट हाईवे जलमग्न हो गया। करीब ढाई से तीन फिट पानी होने के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क से गुजरते समय दो बाइक सवार युवक असंतुलित होकर गिर गए। गांव चकरपुर में लेवड़ा नदी की सहायक नहर में बाढ़ आने से आलापुर-चकरपुर मार्ग सहित गांव की अन्य गलियां जलमग्न हो गईं। गांव निवासी रामकिशन के घर में बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे घर में रखा अनाज भीग गया। जिपं सदस्य हरजसपाल सिंह, प्रधानपति सुनील कुमार प्रजापति ने मौके पर जाकर परिजनों की कुशलक्षेम पूछी। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के विभागाध्यक्ष भगवंत सिंह मियान ने कहा कि हल्द्वानी स्टेट हाईवे से मंत्री और अधिकारी सभी गुजरते हैं लेकिन हर वर्ष आने वाली बाढ़ का किसी ने आज तक समाधान नहीं निकाला। तहसीलदार प्रेम सिंह चौहान ने बताया कि बाढ़ से कोई नुकसान नहीं हुआ है। लेवड़ा नदी के पानी के समाधान के लिए सिंचाई विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
बाजपुर। लेवड़ा नदी के उफनाने से हल्द्वानी स्टेट हाइवे रहा जलमग्न।- फोटो : BAZPUR