जसपुर। ड्रग इंस्पेक्टर की जांच में जन औषधि केंद्र समेत तीन मेडिकल स्टोर में खामियां पाई गईं। उन्होंने तीनों मेडिकलों के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की रिपोर्ट लाइसेंस अथॉरिटी को भेजी है। रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में आएगी।
एसडीएम चतर सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कालातीत दवाएं मिलने पर जन औषधि केंद्र को सील किया था। कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर को जांच के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को वरिष्ठ ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने नायब तहसीलदार भुवन चंद्र आर्य के साथ सरकारी अस्पताल स्थित जन औषधि केंद्र समेत नगर के सात मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि सीएचसी में स्थित जन औषधि केंद्र में कालातीत दवाइयां मिली हैं। स्टोर मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसी तरह न्यू शर्मा मेडिकल स्टोर पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। धर्मकांटे के पास उत्तरांचल मेडिकल स्टोर पर दो फर्में संचालित पाई गईं। इनमें एक फर्म, जन औषधि और न्यू शमा के निलंबन की रिपोर्ट बनाकर लाइसेंस अथॉरिटी देहरादून को भेजी गई है। रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सरकारी अस्पताल मार्ग पर स्थित सिंह मेडिकल स्टोर के फार्मासिस्ट को सत्यापन कराने तक बंद करा दिया गया है।