बच्ची के दिल में छेद है और दो नसों में भी है ब्लॉकेज, समाजसेवी, विधायक व डीएम के प्रयासों से भेजा गया बच्ची को एम्स
काशीपुर। दिल में छेद और दो नसें ब्लॉकेज होने से गंभीर बीमारी से जूझ रही पांच दिन की मासूम बच्ची को एयर एंबुलेंस के जरिए ऋषिकेश एम्स भेजा गया है। एक समाजसेवी और विधायक पीड़ित परिवार का सहारा बने और उनके प्रयासों से बच्ची को एयरलिफ्ट कराया गया।
बाजपुर रोड स्थित केशवपुरम के पास निवासी मुकेश शर्मा व सोनाली शर्मा के आंगन में लगभग पांच दिन पहले मासूम की किलकारियां गूंजी लेकिन उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं होने पर उसे परिजनों ने निजी डॉक्टरों को दिखाया। बच्ची के पिता मुकुल शर्मा ने बताया कि डॉक्टर ने बच्ची का ईको टेस्ट करके बताया कि बच्ची के दिल में छेद है और दो नसों में भी ब्लॉकेज है। उन्होंने शहर के लगभग पांच निजी अस्पतालों में दिखाया लेकिन किसी भी डॉक्टर ने बच्ची के इलाज की हिम्मत नहीं जुटाई।
नगर निवासी समाजसेवी गगन कांबोज ने बताया उन्होंने बच्ची के पिता मुकुल शर्मा से मुलाकात की। बच्ची की गंभीर बीमारी और माता-पिता की बेबसी देखकर उन्होंने विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, एसडीएम अभय प्रताप सिंह से मुलाकात करके बच्ची का इलाज किसी अच्छे अस्पताल में कराने को कहा। विधायक और एसडीएम ने सीएमओ सहित डीएम से वार्ता की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी इस संबंध में जानकारी दी गई।
शनिवार को प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को ऋषिकेश एम्स में इलाज के लिए भेजने को स्टेडियम में एयर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने के इंतजाम किए। दोपहर लगभग पौने दो बजे एयर एंबुलेंस रामनगर रोड स्थित स्टेडियम में पहुंची और मासूम बच्ची व उसके पिता मुकुल शर्मा को अपने साथ ऋषिकेश एम्स ले गए। गगन कांबोज ने कहा कि यदि विधायक व प्रशासन का सहयोग न होता तो वह शायद यह कदम अकेले नहीं उठा पाते।