बाजपुर पेपर मिल आग बुझाते फायर कर्मी।
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। एक पेपर मिल में आग लगने से भारी मात्रा में रखा लकड़ी का स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। बताते हैं कि मिल के पीछे से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से आग लगी है। अग्निकांड से करीब 20-25 लाख रुपये के सामान नुकसान बताया गया है।
बृहस्पतिवार शाम केलाखेड़ा के पास हाईवे स्थित शुक्लांबरा पेपर मिल में अचानक आग लग गई। इससे मिल में अफरातफरी मच गई। खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। मिल में मौजूद कर्मचारियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना पर काशीपुर और रुद्रपुर से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर बमुश्किल काबू पाया। मिल मालिक संचित बंसल ने बताया कि मिल के पीछे से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। हाईटेंशन तार की चिंगारी से आग लगी, जिससे मिल के अंदर लकड़ी का स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही है। गनीमत रही कि आग लगने में कोई जनहानि नहीं हुई।