बाजपुर। कोसी नदी खनन क्षेत्र में भीषण अग्नि कांड में मजदूरों की 60-70 झोपड़ियां जल गईं। इस अग्नि कांड में खनन मजदूरों ने मेहनत कर जुटाई नकदी, कपड़ेए बर्तन सहित सभी घरेलू सामान स्वाहा हो गया। जिससे खनन मजदूरों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने बाल्टियों से पानी फेंक कर आग बुझाने की कोशिश की।
सोमवार रात गांव गोबरा- जोगीपुरा में कोसी नदी खनन घाट क्षेत्र में अज्ञात कारणों से एक झोपड़ी में आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेकर आसपास की 60-70 झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों को देखकर चीख पुकार मच गई। झोपड़ियों में सो रहे बच्चों को गोद में लेकर परिजन इधर उधर भागे। गनीमत रही की कोई जनहानि नहीं हुई। लोगों ने बाल्टियों से पानी फेंक और ट्रैक्टरों सहित अन्य वाहनों से आग को बुझाने का प्रयास किया।
भीषण अग्नि कांड में झोपड़ियों में रखा खाने पीने का सामान, सिलिंडर, साइकिल सहित अन्य सामान जल गया। बताते है कि आग बुझाने में जुटे चार-पांच लोग झुलस गए। सूचना फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। तहसीलदार प्रेम सिंह चौहान राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इधर, देर रात तक राजस्व विभाग की टीम ने नुकसान का आकलन किया।