दिनेशपुर के कंटोपा गांव में आग बुझाने की कोशिश करते मजदूर।
- फोटो : RUDRAPUR
दिनेशपुर। नेशनल हाईवे किनारे स्थित कंटोपा गांव में हुए भीषण अग्निकांड में 16 मजदूरों के टिनशेडों में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान, अनाज और नकदी जल गई। गनीमत रही कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई। राख में तब्दील आशियानों को देखकर मजदूरों की चीख पुकार मची रही। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और विधायक ने नुकसान का जायजा लेते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। फिलहाल पीड़ितों को अस्थायी रूप से सार्वजनिक टिन शेड में ठहराया गया है।
मंगलवार की दोपहर ग्राम कंटोपा के पूर्वी छोर में स्थित एक मजदूर के टिनशेड से आग की चिंगारी निकलती देखी गई थी। बताया जा रहा है कि टिनशैड में एक महिला गैस चूल्हे में पानी गर्म कर रही थी। इसी बीच लीकेज होने से आग लग गई और तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की टिन शेडों को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी गई और ग्रामीणों ने अपने संसाधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी फायर बिग्रेड की तीन गाड़ी मौके पर पहुंची। घनी आबादी और संकरी गली होने के कारण फायर की गाड़ियों को घटनास्थल पर पहुंचने में काफी दिक्कतें हुई। जब तक गाड़ियों ने आग पर काबू पाया तब तक 16 मजदूर परिवारों के आशियाने जल चुके थे। उनके घर में रखा सारा घरेलू सामान जमा पूंजी जलकर राख हो चुका था। इसके अलावा मजदूरों की सैकड़ों मुर्गियां, बत्तखें और तीन बकरी भी अग्निकांड की भेंट चढ़ गए। सूचना पर रुद्रपुर के एसडीएम विशाल मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और प्रत्येक परिवार को फौरी तौर पर 38 सौ रुपये दिए हैं। कहा कि पीड़ित परिवारों को राशन और बिस्तर मुहैया कराया जा रहा है।