उत्तर प्रदेश सीमा से लगे मेहरबान नगर में शादी समारोह के दौरान खाना बनाते समय शादी वाले घर में आग लग गई। आग ने पांच अन्य घरों को भी चपेट में ले लिया। इससे दहेज के सामान के साथ ही लाखों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था।
खटीमा से करीब 25 किलोमीटर दूर यूपी सीमा पर स्थित मेहरबान नगर में गोविंद की बेटी अंजू की शादी थी और घर में बारात आई थी। पंडाल के पास ही खाना बन रहा था। बुधवार करीब साढ़े 12 बजे गोविंद के घर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पंडाल में अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते गोविंद का घर और दहेज का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयानक थी कि जब तक लोग आग बुझाना शुरू करते आग ने मोहन प्रसाद, राहुल, वीरपाल और वीरेंद्र के घरों को भी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अग्निकांड की सूचना तत्काल फायर ब्रिग्रेड को दी लेकिन गांव की दूरी अधिक होने के कारण फायर ब्रिग्रेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। अग्निकांड से प्रभावित गोविंद, मोहन प्रसाद और राहुल भाई हैं। मेहरबान नगर में आग लगने की खबर मिलते ही तहसीलदार खीम सिंह बिष्ट हल्का पटवारी के साथ मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
सात फेरे करा दुल्हन को किया विदा
खटीमा। अग्निकांड के बाद गोविंद को बेटी की शादी की चिंता सता रही थी। वह समझ नहीं पा रहा था कि क्या करे। इस दौरान वर पक्ष ने कन्या पक्ष का भरपूर साथ दिया। वह बिना कुछ लिए ही शादी को तैयार हो गए। इसके बाद शादी की सारी रस्में पूरी कर वर पक्ष दुल्हन संग बारात लेकर लौटे। वहीं शादी में शिरकत करने वाले लोगों ने परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
कनाडा से सन्नी ने दी 60 हजार की सहायता
खटीमा। जादोपुर निवासी कनाडा में रह रहे सन्नी सिंह ने सरकारी समिति कंचनपुरी के अध्यक्ष जसविंदर सिंह पप्पू को घटनास्थल पर भेजकर सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिक नुकसान वाले तीन परिवारों को 10-10 हजार रुपये के साथ ही दहेज का सामान दिलाने के लिए बृहस्पतिवार को पैसे पहुंचाने को कहा है।