काशीपुर। एक माह पहले सड़क हादसे में स्टोन क्रशर के जेसीबी मशीन ऑपरेटर की मौत के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया है।
आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम जगन्नाथ कलां बांसखेड़ी निवासी मंदीप कौर ने न्यायिक मजिस्ट्रेट काशीपुर के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उसके पति कुलदीप सिंह ग्राम अजीतपुर स्थित स्टोन क्रशर में जेसीबी मशीन ऑपरेटर थे।
आठ मार्च 2022 को देर रात करीब साढ़े दस बजे वह ड्यूटी से घर लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर बरखेड़ा पांडे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की तहरीर के बाद भी आईटीआई थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
युवक की मौत के मामले में वाहन चालक पर केस
बाजपुर। गांव रेंहटा निवासी दीपक 15 अप्रैल की रात बाइक से घर लौट रहे थे कि गांव के ही मनिंदर सिंह के घर के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दीपक को सीएचसी लाया गया जहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। दीपक की पत्नी कविता ने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसआई विक्रम सिंह धामी ने बताया कि इस तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी भगवान गिरी गोस्वामी को जांच सौंपी गई है।