किशोरी को कथित रूप से अपहृत कर बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम बदायूं भेजी गई है।
पुलिस को दी तहरीर में मोहल्ला किला निवासी महिला ने कहा कि वह व उसका पुत्र मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। वह गंगे बाबा रोड पर एक महिला के मकान में किराए पर रहती है। 10 जून को उसकी 14 वर्षीय पुत्री बाजार से सामान लाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटी।
काफी ढूंढ-खोज के बाद भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अगले दिन थाना सिरोली, बरेली में रहने वाली उसकी बहन ने फोन कर बताया कि लड़की को बदायूं के थाना बिसौली ग्राम घूरे की मड़इया निवासी विजय कुमार व उसका पिता नत्थू सिंह जबरन अपह्रत कर ले गया है।
इस पर वह एसडीएम से परमिशन लेकर महिला अपने पुत्र के साथ आरोपी विजय के घर पहुंची तो उन लोगों ने उसे उसकी पुत्री से बात नहीं करने दी। इन लोगों ने उसकी पुत्री को एक कमरे में बंद कर रखा था।
आरोप है कि विजय व उसके पिता नत्थू सिंह, मां कमला व बहन ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी विजय व उसके पिता नत्थू, मां कमला व बहन के खिलाफ धारा 363, 366, 323, 342, 506 व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना एसआई रुबी मौर्य को सौंपी गई है।