राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर फील्ड कर्मियों ने वेतन वृद्घि सहित विभिन्न मांगों को लेकर चार घंटे का कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। शासन से उनकी मांगों का शीघ्र पूरा करने की मांग की।
विभिन्न विभागों के फील्ड कर्मचारी बृहस्पतिवार को लंबित मांगों के निस्तारण करने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार कर तहसील पर धरने में बैठ गए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर आश्वासन के बाद भी मांगें हल नहीं हो सकी है।
उन्होंने एक नवंबर 2013 में हुए समझौते के अनुसार कर्मचारियों के ग्रेड वेतन बढ़ाने , सातवें वेतनमान का लाभ तुरंत देने, अधिवर्षता आयु पूरी करने वाले कर्मियों का नगदीकरण की धनराशि का भुगतान सेवानिवृत्ति से पहले करने, वाहन भत्ता 1200 रुपये देने , सभी कर्मचारियों को 30 वर्ष पूर्ण होने पर अन्य कर्मचारियों की भांति चतुर्थ प्रोन्नत वेतनमान का लाभ देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगें हल होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। धरना देने वालों में अध्यक्ष बहादुर सिंह, केके डोभाल, जगदीश पाल सिंह, सोमपाल सिंह, वंदना चौहान, बसंती आर्य आदि मौजूद रहे।