महिला कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी परमिंदर कौर ने कार्यकर्ताओं से चूल्हा चौके के मुद्दे पर सरकार को घेरने की अपील की है। शनिवार को महंगाई के विरोध में कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व में बैलगाड़ी पर सवार होकर प्रदर्शन किया।
कौर शनिवार को कांग्रेस नवचेतना भवन में महिला कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की गतिविधियों पर चर्चा कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि पैट्रो पदार्थों और रसोई गैस की मूल्यवृद्धि ने लोगों की कमर तोड़कर रख दी है। इसलिए महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरकर संघर्ष करना होगा। भाजपा सरकार की विफलताओं से त्रस्त जनता अब कांग्रेस को उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है।
इससे पहले कौर का काशीपुर पहुंचने पर महिला प्रकोष्ठ की महानगर अध्यक्ष उमा वात्सल्य, मुक्ता सिंह, रानी मणिमाला सिंह, अलका पाल, इंदूमान आदि ने स्वागत किया। इधर, महंगाई के खिलाफ हुए प्रदर्शन में मीनू सहगल, लता शर्मा, अजिता शर्मा, गीता चौहान, मोना वात्सल्य, शाहीन जहां आदि मौजूद रहे।
सोमवार तक हो सकती है नेता प्रतिपक्ष की घोषणा
काशीपुर। महिला कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी परमिंदर कौर ने दावा किया है कि सोमवार तक उत्तराखंड में नेता प्रतिपक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। पंजाब कांग्रेेस में अंतर्कलह पर उनका कहना था कि पार्टी में लोकतांत्रिक व्यवस्था के कारण किसी स्तर पर मतभेद उभरना स्वाभाविक है।
इस पर पार्टी हाईकमान नजर रखे हुए हैं। जल्द ही पार्टी हित में इस पर कोई फैसला हो जाएगा। उत्तराखंड में कांग्रेस का चेहरा घोषित करने के सवाल पर वह चुप्पी साध गईं। कहा कि यह पार्टी हाईकमान को तय करना है। (संवाद)