काशीपुर। ऑपरेशन विजय कारगिल की रजत जयंती के अवसर पर वीरों को नमन कार्यक्रम के तहत भारतीय सेना की ओर से कारगिल युद्ध में शहीद वीर जवानों के परिजनों को सम्मानित किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को सेना की एक टुकड़ी कुंडेश्वरी निवासी कारगिल युद्ध में शहीद हुए हवलदार पदमराम कन्याल के घर पहुंची। यहां पर टीम ने वीरांगना भगवती देवी को भारतीय सेना की ओर से स्मृति चिह्न व शहीद सहायता बुक भेंट कर सम्मानित किया। सेना की टुकड़ी का नेतृत्व नायब सूबेदार सुधीर चंद्र ने किया।
विजयपथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष व कैप्टन (सेनि) वीएस नेगी ने सेना के उच्चाधिकारियों की ओर से भेजे गए संदेश को पढ़ कर सुनाया जिसमें शहीद हवलदार कन्याल को देश के लिए उनके समर्पण व सर्वोच्च बलिदान के लिए कृतज्ञ राष्ट्र का धन्यवाद किया।
साथ ही शहीद के परिवार को आश्वस्त किया कि राष्ट्र सदैव उनके साथ रहेगा।