प्रशासन और लोनिवि की टीम ने सड़क की नापजोख की
खटीमा। बिचपुरी गांव में मंगलवार को सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हो हटाया गया। साथ ही लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीम ने सड़क की नापजोख की।
बिचपुरी क्षेत्र में मिट्टी खनन वाहनों के गुजरने से लोगाें में आक्रोश है। अतिक्रमण के कारण भी यह सड़क संकरी हो गई है। तीन जून को बिचपुरी गांव में मिट्टी से लदे डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक महिला की मौत हो गई थी जिसके बाद जनआक्रोश बढ़ गया था। इसके बाद अतिक्रमण के विरुद्ध शिकायत के अलावा अवैध खनन के विरुद्ध धरना प्रदर्शन भी हुए। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीम ने बिचपुरी गांव में पहुंचकर अतिक्रमण को लेकर सड़क की नापजोख की। इसके अलावा ग्रामीणों ने सड़क किनारे तारबाड़ कर किए गए अतिक्रमण को स्वयं ही हटाया। लोक निर्माण विभाग के जेई आदर्श ने बताया कि अतिक्रमण की जद में आ रही सड़क की प्रशासन की टीम के साथ नापजोख की गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीण स्वयं ही अतिक्रमण हटा रहे हैं।